बीजापुर, 19 दिसंबर 2025

जिले के इंद्रावती क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच शुक्रवार सुबह मुठभेड़ हो गई। एनकाउंटर में एक नक्सली मारा गया है। मौके से नक्सली का शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। इलाके में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है और जंगल-पहाड़ों में रुक-रुककर फायरिंग की आवाजें सुनाई दे रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर जिला पुलिस ने DRG टीम के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। सर्चिंग के दौरान नक्सलियों ने DRG जवानों पर अचानक फायरिंग कर दी। जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक नक्सली ढेर हो गया।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। अतिरिक्त बल तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में और नक्सलियों के छिपे होने की आशंका है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही सुकमा जिले में भी सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नक्सलियों को ढेर किया था। किस्टाराम एरिया कमेटी के साथ हुई मुठभेड़ में DRG जवानों ने दो एरिया कमेटी मेंबर (ACM कैडर) समेत कुल तीन नक्सलियों का एनकाउंटर किया था। यह कार्रवाई PLGA बटालियन नंबर-1 के कमांडर देवा की तलाश के दौरान हुई थी।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नक्सली नेटवर्क पर दबाव बढ़ता दिख रहा है।





