कवर्धा, 20 दिसंबर 2025

कबीरधाम जिले में मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ सीमा से सटे क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सागोना गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मध्यप्रदेश निवासी एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, कवर्धा जिले के लोखान गांव निवासी संतराम और स्वात राम एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव से मध्यप्रदेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छत्तीसगढ़ की ओर से मध्यप्रदेश जा रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में मध्यप्रदेश निवासी एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक का नाम और पता फिलहाल ज्ञात नहीं हो सका है। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। एक घायल का इलाज पंडरिया में जारी है।
सूचना मिलते ही कुकदूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुकदूर थाना प्रभारी संग्राम सिंह ने बताया कि दो बाइकों की आपसी टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है और तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो लोखान गांव (कवर्धा) के निवासी हैं, जबकि मृतक और एक घायल मध्यप्रदेश के बताए जा रहे हैं।
पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। सीमा क्षेत्र में संकरी सड़क और तेज गति से वाहन चलाने के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं अक्सर हो रही हैं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सीमा क्षेत्र में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।





