प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 21 दिसंबर 2025

जिला अस्पताल, एमसीबी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2025 का भव्य और विधिवत शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
51 हजार बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 51 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य तय किया गया है। अभियान 21, 22 और 23 दिसंबर तक तीन दिनों तक चलेगा।
पहले दिन सभी बूथों पर दवा पिलाई जा रही है, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को कवर करेंगी। इसके लिए जिले में 542 बूथ बनाए गए हैं और करीब 1800 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिला अस्पताल का निरीक्षण, सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
अभियान के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र राय ने मरीजों की संख्या, आवागमन और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए और कहा कि रायपुर व बिलासपुर जैसी उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं भविष्य में एमसीबी जिले में भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
भर्ती बच्चों से मुलाकात, फ्रूट बास्केट वितरण
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में भर्ती बच्चों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और उन्हें फ्रूट बास्केट वितरित किए।





