प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 23 दिसम्बर 2025

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और बिलासपुर के कार्यक्रमों में शामिल होंगे । तय कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 11 बजे राजधानी रायपुर स्थित बेबीलोन इंटरनेशनल में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ स्किल टेक‘ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवागंन भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके बाद स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में आयोजित 45वीं NTPC जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शामिल होंगे । शाम 6:30 बजे बिलासपुर पहुंचकर युवा महोत्सव का शुभारंभ करेंगे । बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में आयोजित कवि सम्मेलन में सीएम शामिल होंगे और देर रात रायपुर लौटेंगे ।
युवा महोत्सव की होगी आज से शुरुआत
राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 23 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में राज्य युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 23 दिसम्बर को इसका शुभारंभ करेंगे। महोत्सव में 14 सांस्कृतिक और साहित्यिक विधाओं में प्रदेश के 3000 युवा अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। शुभारंभ समारोह में छत्तीसगढ़ की मेजबानी में होने वाले पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की लॉन्चिंग भी की जाएगी। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता करेंगे। केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्यपाल रमेन डेका 25 दिसम्बर को समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ के युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को निखारने तथा राष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए मंच प्रदान करने राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 के तारतम्य में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 14 विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें आठ दलीय विधाएं औ छह 6 एकल विधाएं शामिल हैं। दलीय विधाओं में लोकनृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, लोकगीत, रॉक बैंड और एकांकी की प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं एकल विधाओं में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साइंस मेला) और पारंपरिक वेशभूषा शामिल हैं। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं की पांच विधाओं लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला और कविता लेखन के विजेता प्रतिभागी नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव-2026 में छत्तीसगढ़ की ओर से भागीदारी करेंगे।
राज्य युवा महोत्सव में दलीय विधाओं में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को 20 हजार रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 15 हजार रुपए एवं तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 10 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। एकल विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5 हजार रुपए, 3 हजार रुपए एवं 2 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। महोत्सव में भाग लेने वाले हर प्रतिभागी को एक-एक हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका ऑनलाइन भर्ती प्रणाली का करेंगी राज्य स्तरीय शुभारंभ
छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, भरोसेमंद और आधुनिक बनाने की दिशा में राज्य सरकार एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े 23 दिसंबर मंगलवार को दोपहर 4.00 बजे मंत्रालय महानदी भवन स्थित सभाकक्ष एस-0-12 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की ऑनलाइन भर्ती सॉफ्टवेयर तथा नई विभागीय वेबसाइट का राज्य स्तरीय शुभारंभ करेंगी।
यह डिजिटल भर्ती प्रणाली आवेदन से लेकर चयन तक की पूरी प्रक्रिया को एक ही ऑनलाइन मंच पर उपलब्ध कराएगी। इससे योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलेगा और भर्ती प्रक्रिया अधिक सरल, स्पष्ट एवं निष्पक्ष बनेगी। साथ ही अनावश्यक कार्यालयीन दौड़-भाग और भ्रम की स्थिति से भी निजात मिलेगी।
यह पहल आंगनबाड़ी सेवाओं से जुड़े मानव संसाधन प्रबंधन को सशक्त बनाएगी और महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होगी।
नई डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से शासन की कार्यप्रणाली में विश्वास बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी व्यवस्था को आधुनिक, उत्तरदायी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।





