प्रमोद मिश्रा
रायपुर | 24 दिसंबर 2025

छत्तीसगढ़ की राजनीति में साल का आखिरी बड़ा फैसला जल्द होने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 31 दिसंबर 2025 को मंत्रिपरिषद की अहम बैठक बुलाई गई है। यह बैठक मंत्रालय महानदी भवन में सुबह 11 बजे शुरू होगी।
इस बैठक में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी और सरकार कई बड़े फैसलों पर अपनी मुहर लगा सकती है। मुख्य सचिव विकास शील ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट के सामने रखने के निर्देश दे दिए हैं।
10 दिसंबर 2025 को हुई साय कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए थे —
- आत्मसमर्पित नक्सलियों पर दर्ज आपराधिक मामलों को समाप्त और वापस लेने की प्रक्रिया को मंजूरी
- नागरिकों को राहत देने के लिए 14 कानूनों में संशोधन का फैसला
- वर्ष 2025-26 के पहले अनुपूरक बजट को विधानसभा में पेश करने की स्वीकृति
यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि यह साल 2025 की आखिरी कैबिनेट बैठक होगी। इसमें नए साल से पहले प्रशासनिक, आर्थिक और सामाजिक नीतियों को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
प्रदेश की जनता और प्रशासन, दोनों की नजरें अब इस बैठक पर टिकी हैं।





