प्रमोद मिश्रा
कसडोल, 24 दिसंबर 2025

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का 58वां प्रांत अधिवेशन इस्पात नगरी भिलाई में 19, 20 और 21 दिसंबर को संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में पूरे छत्तीसगढ़ से 500 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसी दौरान सत्र 2025–26 के लिए नई प्रांतीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
इस अधिवेशन में बलौदाबाजार जिले के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां तय की गईं। पूर्व जिला संयोजक फाल्गुनी सोनी को विभाग छात्रा प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कसडोल निवासी मलय साहू को बलौदाबाजार जिला का नया जिला संयोजक नियुक्त किया गया है।
नवनियुक्त जिला संयोजक मलय साहू ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का प्रांत अधिवेशन हर वर्ष होता है, जिसमें प्रदेश की नई कार्यकारिणी गठित की जाती है। इस बार संगठन ने उन्हें बलौदाबाजार जिले का दायित्व सौंपा है, जिसे वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद अपने ध्येय वाक्य ‘ज्ञानशील, एकता’ के साथ राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के लक्ष्य को लेकर कार्य करती है। संगठन युवाओं के चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास और शैक्षणिक क्षेत्र में आवश्यक बदलाव के लिए निरंतर प्रयास करेगा।





