प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 25 दिसंबर 2025
भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर कवर्धा स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में उनके जीवन पर आधारित छाया चित्र प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ कर अटलजी के जीवन, विचार और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि विचारों और मूल्यों की राजनीति के प्रतीक थे। उनका जीवन, उनकी सोच और उनका नेतृत्व आज भी देश के युवाओं को सही दिशा दिखाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अटलजी ने संवेदनशीलता, सिद्धांतों और दूरदर्शिता के साथ देश को आगे बढ़ाया।
प्रदर्शनी में अटलजी के सार्वजनिक जीवन के अहम क्षणों, ऐतिहासिक फैसलों, कूटनीतिक सफलताओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी देखने पहुंचे लोगों ने इसे बेहद प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे।



