प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 26 दिसंबर 2025

छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के मुद्दे पर सियासी पारा चढ़ गया है। BJP ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए उस पर धर्मांतरण को बढ़ावा देने और हिंदू संगठनों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। BJP प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर सीधा निशाना साधा।
अमित चिमनानी ने कहा कि देश में अब तक जितना भी धर्मांतरण हुआ है, उसके पीछे कांग्रेस की भूमिका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा हिंदू समाज को कमजोर करने और सनातन परंपराओं को निशाना बनाने की नीति अपनाई है।
BJP प्रवक्ता ने एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि दिवाली के दिन शंकराचार्य जयेंद्र सरस्वती को पूजा करते हुए सोनिया गांधी के घर से उठवाया गया था। उन्होंने दावा किया कि इस घटना का उल्लेख कांग्रेस नेता और पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने भी अपनी किताब में किया है।
चिमनानी ने कहा कि जब भी कोई संत, कथावाचक या धर्मगुरु हिंदू समाज को जाग्रत करने और धर्मांतरण का विरोध करने की बात करता है, तो कांग्रेस उसे निशाने पर ले लेती है। उन्होंने विशेष रूप से कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री का जिक्र करते हुए कहा कि भूपेश बघेल द्वारा उन पर सवाल उठाना इसी मानसिकता को दर्शाता है।
BJP प्रवक्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से हिंदू समाज से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार उन लोगों का विरोध कर रही है, जो सनातन संस्कृति और हिंदू समाज की एकता के लिए आवाज उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि BJP धर्मांतरण के खिलाफ और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करती रहेगी और कांग्रेस की “तुष्टिकरण की राजनीति” को जनता के सामने उजागर करती रहेगी।





