प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 29 दिसंबर 2025

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के व्यापक दौरे पर रहेंगे। वे सुबह अपने निज निवास बगिया से रवाना होकर कांसाबेल और बगीचा विकासखंड के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे बगिया स्थित अपने निवास से कार द्वारा बगिया हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बगीचा विकासखंड के सामरबार खेल मैदान पहुंचेंगे। इसके बाद वे सामरबार आश्रम पहुंचकर वहां निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। दोपहर 12 बजे तक उनका समय सामरबार आश्रम में आरक्षित रहेगा।
दोपहर बाद मुख्यमंत्री दोकड़ा गांव स्थित अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम पहुंचेंगे, जहां वे सामुदायिक भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम 12:40 बजे से 1:40 बजे तक चलेगा।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ग्राम डुढरुडांड पहुंचेंगे, जहां अखिल भारतीय आदिवासी कंवर समाज विकास समिति के “वार्षिकोत्सव-2025” कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे गांव में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे।
कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री साय शाम 4 बजे डुढरुडांड से प्रस्थान कर 4:10 बजे अपने निज निवास बगिया पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को आदिवासी समाज, आश्रमों और ग्रामीण विकास कार्यों को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





