कोरबा, 29 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब व्यस्त इलाके स्थित SS Plaza में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पद्मिनी ज्वैलर्स, बालाजी स्टील समेत कई दुकानें उसकी चपेट में आ गईं।

धुएं के घने गुबार से पूरा इलाका ढक गया और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 14 गाड़ियां और 3 पानी टैंकर मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए उस पर काबू पाना आसान नहीं हो रहा है।
आग बुझाने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए प्रशासन ने JCB और हाइड्रा मशीनें भी मंगाई हैं। प्लाजा के प्रथम तल को तोड़कर आग तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है, ताकि अंदर फंसे आग के केंद्र तक पानी पहुंचाया जा सके। नगर निगम ने लगातार पानी की सप्लाई के लिए अतिरिक्त टैंकर भी लगा दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ज्वेलरी और स्टील से जुड़ी दुकानों में रखा करोड़ों का सामान आग की चपेट में आने की आशंका है। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन नुकसान बहुत बड़ा माना जा रहा है।
फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



