प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 1 जनवरी 2026

छत्तीसगढ़ में युवाओं के रोजगार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण और सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के बीच महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) हुआ।
यह एमओयू राज्य के हेल्थकेयर सेक्टर को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने की रणनीति का हिस्सा है। इसके तहत प्रदेश में आधुनिक हेल्थकेयर प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां युवाओं को मुफ्त आवासीय और गैर-आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस समझौते के तहत चार प्रमुख हेल्थकेयर कोर्स संचालित किए जाएंगे —
- मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी
- कार्डियोलॉजी टेक्निशियन
- ईसीजी टेक्निशियन
- कार्डियक केयर व इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन
इन कोर्सों के जरिए युवाओं को अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में नौकरी के लिए सीधे तौर पर तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास को विकास की रीढ़ मानती है। हेल्थकेयर सेक्टर में प्रशिक्षित युवाओं की भारी जरूरत है और यह एमओयू उसी दिशा में एक मजबूत कदम है। इससे न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी, बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल दूर-दराज के इलाकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में मददगार साबित होगी, जहां प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की सबसे ज्यादा जरूरत होती है।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष सी. श्रीनिवास सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और ट्रस्ट के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ में अब हेल्थकेयर और रोजगार दोनों को मिलेगा नया संजीवनी इंजेक्शन — युवाओं के लिए खुलेंगे करियर के नए दरवाजे।





