प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 06 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की गिरफ्तारी के बाद सौम्या चौरसिया ने आज हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। इस याचिका पर कल सुनवाई प्रस्तावित है। वहीं, इससे पहले ईओडब्ल्यू (EOW) के प्रोडक्शन वारंट को लेकर 8 जनवरी को भी सुनवाई होनी है। इसके अलावा, इस बहुचर्चित मामले का ट्रायल 13 जनवरी से शुरू होने जा रहा है।

बताया जा रहा है कि यह मामला करीब 3200 करोड़ रुपये से अधिक के कथित शराब घोटाले से जुड़ा है, जिसकी जांच ED द्वारा की जा रही है। ED ने अपनी जांच के आधार पर ACB में FIR दर्ज कराई है, जिसमें बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार और संगठित सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दिए जाने का दावा किया गया है।
ED की जांच में सामने आया है कि तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में यह घोटाला IAS अधिकारी अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के तत्कालीन एमडी एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के कथित सिंडिकेट के माध्यम से संचालित किया गया। एजेंसी के अनुसार, इस नेटवर्क में राजनेताओं, आबकारी विभाग के अधिकारियों और कारोबारियों की सक्रिय भूमिका रही।
शराब घोटाले को लेकर दर्ज FIR में कई प्रभावशाली लोगों के नाम शामिल हैं। अब सौम्या चौरसिया की जमानत याचिका और आगामी ट्रायल को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। सभी की नजरें अब हाईकोर्ट की सुनवाई और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।





