प्रमोद मिश्रा
रायपुर/दिल्ली, 06 जनवरी 2026

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केमिकल्स एवं फर्टिलाइजर्स पर गठित संसदीय स्थायी समिति की बैठक में भाग लिया। बैठक में खास तौर पर पीक सीजन के दौरान किसानों को खाद की निर्बाध उपलब्धता और उचित मूल्य सुनिश्चित करने को लेकर गहन चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने फर्टिलाइजर लॉजिस्टिक्स और मूवमेंट कंट्रोल ऑर्डर के प्रभावी क्रियान्वयन पर मंत्रालय के अधिकारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद मिलना कृषि उत्पादन के लिए बेहद जरूरी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।
एमपी अग्रवाल ने कहा, “हमारा संकल्प है कि किसानों तक समय पर खाद पहुंचे और एक अधिक कुशल, पारदर्शी एवं जवाबदेह वितरण प्रणाली विकसित की जाए। इससे न सिर्फ कृषि उत्पादन को मजबूती मिलेगी, बल्कि किसान भी सशक्त होंगे।”
उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आपूर्ति श्रृंखला में किसी प्रकार की बाधा न आए और राज्यों तक खाद की उपलब्धता की नियमित निगरानी की जाए। बैठक में खाद वितरण प्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए कई अहम सुझाव भी रखे गए।
बताया जा रहा है कि संसदीय समिति की यह बैठक किसानों के हित में खाद आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





