प्रमोद कुमार
रायपुर, 08 जनवरी 2026

भारत के राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित युवा नेता सिमरदीप स्याल आगामी ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ में भाग लेने 9-12 जनवरी को आमंत्रित किए गए हैं। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है, जहाँ देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
इस राष्ट्रीय स्तर के संवाद कार्यक्रम में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजीत डोभाल, प्रसिद्ध पत्रकार एवं एंकर पलकी शर्मा, कथावाचक जया किशोरी, उद्योगपति आनंद महिंद्रा सहित देश की कई जानी-मानी हस्तियाँ और विचारक उपस्थित रहेंगे।
सिमरदीप स्याल को इस कार्यक्रम में ‘पाथ ब्रेकर’ (Path Breaker) के रूप में आमंत्रित किया गया है, जो राष्ट्र निर्माण एवं युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में उनके असाधारण योगदान को दर्शाता है। वे इस मंच पर छत्तीसगढ़ राज्य के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे और राज्य की युवा शक्ति की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करेंगे।

उल्लेखनीय है कि सिमरदीप स्याल ग्लोबल यूथ फेडरेशन नामक गैर-सरकारी संगठन के संस्थापक हैं, जो शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा एवं युवा नेतृत्व के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने देशभर में युवाओं को जोड़ने के लिए कई प्रेरणादायी अभियानों का नेतृत्व किया है, जिनमें सरदार वल्लभभाई पटेल की विचारधारा से प्रेरित राष्ट्रीय पदयात्रा भी शामिल है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना रहा है।
साथ ही, उन्हें ‘माय भारत’ (MY Bharat) के अंतर्गत युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार में सलाहकार (Advisor) के रूप में भी नियुक्त किया गया है, जहाँ वे नीति निर्माण और युवा केंद्रित कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सिमरदीप स्याल का मानना है कि “विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा नेतृत्व, सेवा और नवाचार के साथ आगे बढ़े।” उनकी यह भागीदारी न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।





