राजनांदगांव, 08 जनवरी 2026
जिला न्यायालय को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई। यह धमकी न्यायालय की आधिकारिक शासकीय ई-मेल आईडी पर भेजी गई, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं।

जानकारी मिलते ही पुलिस बल तुरंत न्यायालय परिसर पहुंचा और एहतियातन वकीलों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों को बाहर निकालकर पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धमकी को गंभीरता से लेते हुए मौके पर बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम बुला ली गई। पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है। मेल भेजने वाले की पहचान और उसके लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की चूक नहीं बरती जाएगी और स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है।
फिलहाल न्यायालय परिसर को सील कर दिया गया है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति को लेकर निर्णय लिया जाएगा।





