पखांजूर, 09 जनवरी 2026

कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में निर्वाचन कार्य के दौरान एक गंभीर मामला सामने आया है। भाग संख्या 47 में नियुक्त बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) अरविंद गाइन को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने झोलाछाप डॉक्टर नूपुर हावलादार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीएलओ अरविंद गाइन एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के तहत ‘सी’ श्रेणी का नोटिस देने पहुंचे थे। नोटिस इसलिए जारी किया गया था क्योंकि संबंधित व्यक्ति द्वारा आवश्यक और सही दस्तावेज जमा नहीं किए गए थे।
इस दौरान आरोपी नूपुर हावलादार ने बीएलओ के साथ गाली-गलौच की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनावी कार्य में बाधा डालने या ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





