दुर्ग-भिलाई, 12 जनवरी 2026

दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक का शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव जियो पेट्रोल पंप के पीछे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए प्रारंभिक जांच में हत्या या किसी आपराधिक वारदात से इनकार किया है। पुलिस के मुताबिक युवक की उम्र लगभग 27 से 30 वर्ष के बीच आंकी गई है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
मौके पर युवक की शर्ट खुली हुई थी और बेल्ट भी खुला मिला। वहीं उसके जूते भी उतरे हुए पाए गए। शरीर पर किसी तरह के चोट, खरोंच या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे पुलिस को मारपीट या हत्या की आशंका नहीं लग रही।
CSP छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला हार्ट अटैक से मौत का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि युवक वॉशरूम जाने के दौरान असहज महसूस करने लगा होगा, गर्मी या बेचैनी के कारण उसने जूते उतारे और शर्ट के बटन खोल दिए होंगे। इसी दौरान उसे दिल का दौरा पड़ा और वह वहीं गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई।
कुम्हारी थाना प्रभारी के अनुसार शव की पहचान की कोशिश की जा रही है। आसपास के इलाकों में पूछताछ जारी है कि युवक यहां कैसे पहुंचा और कहां से आया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस ने किसी भी तरह की आपराधिक घटना की संभावना से इनकार किया है, लेकिन पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।





