बिलासपुर, 12 जनवरी 2026

स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बिलासपुर शहर ने एक नया इतिहास रच दिया। पुलिस ग्राउंड में आयोजित स्वामी विवेकानंद चेतना महोत्सव में 1500 बच्चों ने स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा में सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ लेकर विश्व रिकॉर्ड कायम किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने प्रमाण पत्र सौंपा।
कार्यक्रम में बच्चों ने पूर्ण वंदेमातरम का सामूहिक गायन भी किया, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। डिप्टी सीएम अरुण साव ने स्वयं बच्चों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प कराया।
इस अवसर पर पुलिस ग्राउंड में 5625 फीट लंबी स्वामी विवेकानंद की रंगोली बनाई गई, जो विश्व की दूसरी सबसे बड़ी रंगोली बताई जा रही है। रंगोली को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और इसे सोशल मीडिया पर भी सराहा गया।
विवेकानंद उद्यान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने पूरी दुनिया को भारत के आध्यात्मिक स्वरूप से परिचित कराया।
उन्होंने कहा कि —
“जो स्वयं पर नियंत्रण कर लेता है, वही महान बनता है। आत्मसंयम, आत्मनियंत्रण और अनुशासन ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारत की संस्कृति और अध्यात्म को फिर से विश्व पटल पर स्थापित करने का संकल्प लें।
स्वामी विवेकानंद के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पुलिस ग्राउंड से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें 1500 बाल विवेकानंदों सहित हजारों लोग शामिल हुए। शोभायात्रा विवेकानंद उद्यान में समाप्त हुई, जहां मजबूत और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
विवेकानंद प्रदर्शनी का अवलोकन
अरुण साव ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के साथ विवेकानंद उद्यान में लगी स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यह प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी, जहां लोग स्वामी जी के विचारों और जीवन दर्शन से प्रेरणा ले सकेंगे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वदेशी दौड़ को दिखाया हरी झंडी
राष्ट्रीय युवा दिवस पर भाजपा युवा मोर्चा द्वारा देवकीनंदन चौक से स्वदेशी दौड़ का आयोजन किया गया। डिप्टी सीएम अरुण साव और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भगवा ध्वज दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
अरुण साव ने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए स्वदेशी के प्रति गर्व की भावना जरूरी है और स्वामी विवेकानंद आज भी युवाओं के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं।
ये रहे प्रमुख अतिथि
कार्यक्रम में वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक सुशांत शुक्ला, विधायक धर्मजीत सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण मोहित जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर दीपक सिंह, राजेश सिंह, ओम माखीजा, शिक्षक, प्राचार्य, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।





