प्रमोद कुमार
रायपुर, 14 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 14 जनवरी 2026, बुधवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल तातापानी में आयोजित संक्रांति परब 2026 के विविध कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से भरपूर रहेगा।

कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर से पुलिस ग्राउंड हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। वहां से 11:15 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा तातापानी के लिए प्रस्थान करेंगे और 12:35 बजे फारेस्ट रेस्ट हाउस परिसर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे।
तातापानी पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री शिव मंदिर में कलश यात्रा में शामिल होंगे और तप्तेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे मंदिर परिसर में स्थित शिव प्रतिमा का अवलोकन करेंगे तथा बच्चों के साथ पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति की खुशियां साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री यहां आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह आशीर्वाद समारोह में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। इसके साथ ही तातापानी संक्रांति परब 2026 के मुख्य आयोजन में भाग लेकर आम जनता को संबोधित करेंगे।
दोपहर बाद मुख्यमंत्री तातापानी से जशपुर जिले के बगिया के लिए रवाना होंगे। वे हेलीकॉप्टर द्वारा बगिया हेलीपैड पहुंचकर वहां से कार द्वारा अपने निज निवास बगिया जाएंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा तातापानी क्षेत्र में पर्यटन, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक आयोजनों को नई ऊर्जा देने वाला माना जा रहा है।





