प्रमोद कुमार
रायपुर, 16 जनवरी 2026

राजधानी में दोपहिया वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित एक्टिवा चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम ने मुख्य आरोपी सहित कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर 36 चोरी की एक्टिवा बरामद की हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत 19.80 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र, तकनीकी विश्लेषण और नियमित पेट्रोलिंग के जरिए आरोपियों की पहचान की। कार्रवाई के दौरान रवि भवन पार्किंग और आसपास के इलाकों में एक सप्ताह तक कैंप कर मुख्य आरोपी को दबोचा गया।
जांच में सामने आया कि रोशन रात्रे (बोरियाकला, मुजगहन) मास्टर चाबी की मदद से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक्टिवा चोरी करता था। चोरी के बाद वह वाहनों को कमल जांगडे, गितेश कुमार पाटले और मुस्कान रात्रे के माध्यम से खपाता था। ये आरोपी गाड़ियां खुद इस्तेमाल करने के साथ ही रिश्तेदारों और परिचितों को बेच देते थे।
पुलिस के मुताबिक, बरामद 36 एक्टिवा में से 24 मामलों की एफआईआर सिविल लाइन, डीडी नगर और गोलबाजार थानों में दर्ज हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 के पहले 15 दिनों में ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट कुल 44 दोपहिया वाहन जब्त कर चुकी है, जिसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में रोशन रात्रे (मुख्य आरोपी) सहित कमल जांगडे, गितेश कुमार पाटले, मुस्कान रात्रे और वाहन खरीद-बिक्री में शामिल 17 अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आगे भी वाहन चोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





