प्रमोद कुमार
रायपुर, 17 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 17 और 18 जनवरी को सूरजपुर एवं जशपुर जिलों के दौरे पर रहेंगे। दौरे की शुरुआत शनिवार को राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत एक विशेष बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से होगी।

शनिवार सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर में ग्राम स्वराज अभियान की बस को हरी झंडी दिखाने के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सूरजपुर जिले के चुनगढ़ी (भैयाथान विकासखंड) पहुंचेंगे। यहां दोपहर 2:30 से 4:10 बजे तक स्कूल मैदान, ग्राम चुनगढ़ी में “विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास” कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस तिलसींचा, सूरजपुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
रविवार, 18 जनवरी को सुबह 10:00 बजे मुख्यमंत्री सर्किट हाउस तिलसींचा में अरुणोदय सूरजपुर के प्रतिभागियों से भेंट करेंगे। इसके पश्चात वे हेलीकॉप्टर से जशपुर जिले के ग्राम बगिया पहुंचेंगे, जहां अपने निज निवास पर आरक्षित समय रहेगा। दोपहर बाद मुख्यमंत्री रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से सूरजपुर और जशपुर अंचल में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
(नोट: 18 जनवरी 2026 के शेष कार्यक्रम पृथक से जारी किए जाएंगे।)





