भिलाई | 20 जनवरी 2026

भिलाई स्थित हरिओम इंगोट्स एंड पावर लिमिटेड के दफ्तर पर GST विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को जीएसटी के सात अधिकारी अलग-अलग वाहनों से कंपनी परिसर पहुंचे और वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। कार्रवाई से कंपनी परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक GST अधिकारियों ने कंपनी के बिल, जीएसटी रिटर्न, इनवॉइस, टैक्स भुगतान और इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। दस्तावेजों की संख्या अधिक होने के कारण जांच मंगलवार को भी जारी रही।
जांच के दौरान कंपनी का सामान्य कामकाज जारी रहा। GST टीम ने किसी भी प्रकार से उत्पादन या कार्यालयीन गतिविधियों को बंद नहीं कराया। कंपनी के कर्मचारी जांच में सहयोग करते हुए आवश्यक रिकॉर्ड अधिकारियों को उपलब्ध कराते रहे।
बताया जा रहा है कि कंपनी के मालिक फिलहाल शहर से बाहर हैं। ऐसे में GST टीम कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और उपलब्ध दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है। अधिकारियों का फोकस संभावित टैक्स अनियमितताओं पर है।
GST विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारण और निष्कर्ष स्पष्ट हो पाएंगे।



