रायपुर | 22 जनवरी 2026

रायपुर के दो कारोबारियों को तंजानिया में सोना खदान में हिस्सेदारी दिलाने का झांसा देकर 1 करोड़ 90 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को गोल्ड माइन का संचालक बताकर न सिर्फ निवेश कराया, बल्कि विदेश ले जाकर फर्जी खदान भी दिखाई। पीड़ितों की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कारोबारी समर्थ बरडिया और उनके जीजा मुकुल चोपड़ा ने पुलिस को बताया कि 2024 में यश शाह नाम के व्यक्ति ने ऑनलाइन संपर्क किया। उसने खुद को तंजानिया में सोना खदान का संचालक बताते हुए 50 प्रतिशत हिस्सेदारी के बदले 1.90 करोड़ रुपए निवेश का प्रस्ताव दिया।
मार्च 2024 में आरोपी यश शाह रायपुर आया और दोनों कारोबारियों को तंजानिया ले जाकर कथित सोना खदान दिखाई। उसने SKM Bullion Trading Limited नामक फर्म के जरिए खदान में हिस्सेदारी दिलाने का भरोसा दिलाया।
विश्वास में आकर कारोबारियों ने 1 करोड़ 6 लाख रुपए आरोपी और उसकी फर्म के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
आरोपी ने खदान के संचालन, खनन अधिकार और निवेश से जुड़े फर्जी दस्तावेज पेश किए। पैसे मिलने के बाद उसका व्यवहार बदल गया और उसने किसी भी तरह की जानकारी देने से इनकार कर दिया।
जांच में सामने आया कि यश शाह के पास किसी भी गोल्ड माइन के खनन अधिकार नहीं थे और सभी दस्तावेज जाली थे।
पीड़ित समर्थ बरडिया ने शिकायत में कहा कि आरोपियों ने जानबूझकर षड्यंत्र रचकर जालसाजी और धोखाधड़ी की, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
सिविल लाइन थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि
पीड़ित की शिकायत पर यश शाह और उसके साथी अब्दुल्लाह किलियावापे न्वुजे के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, दस्तावेजों और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच कर रही है।





