प्रमोद कुमार
रायपुर, 23 जनवरी 2026

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर के कार्यक्रमों में शामिल होंगे । तय कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 11 बजे ‘रायपुर साहित्य उत्सव’ का शुभारम्भ करेंगे । यह कार्यक्रम पुरखौती मुक्तांगन, नवा रायपुर में होगा । इसके बाद लोकभवन में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना’ प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र – छात्राओं का सम्मान करेंगे ।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का दौरा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अंबिकापुर जिले के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक शाम 5 बजे अंबिकापुर पहुंचेंगे और उसके बाद करगी रोड, कोटा पहुंचकर कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होंगे । भूपेश बघेल आज रात्रि विश्राम बिलासपुर में ही करेंगे ।
10वीं और 12वीं के टॉपरों का होगा सम्मान
2024 – 25 शिक्षा सत्र में 10वीं और 12वीं में टॉप करने वाले छात्र – छात्राओं का आज लोकभवन में सम्मान किया जाएगा ।
परीक्षा वर्ष 2024 में हाईस्कूल के कुल 80 एवं हायर सेकण्डरी के कुल 30 विद्यार्थी प्रावीण्य सूची में सम्मिलित हैं, जिनमें हाईस्कूल प्रमाणपत्र परीक्षा के 73 विद्यार्थी टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले हैं तथा विशेष पिछड़ी जनजाति के 07 विद्यार्थी शामिल हैं। इसी प्रकार हायर सेकण्डरी प्रमाणपत्र परीक्षा में 23 विद्यार्थी सम्मिलित हैं, जिनमें अपने-अपने संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 06 विद्यार्थी हैं, जिनमें से 04 विद्यार्थी मुख्य सूची में भी सम्मिलित हैं तथा विशेष पिछड़ी जनजाति के 05 विद्यार्थी शामिल हैं।
परीक्षा वर्ष 2025 में हाईस्कूल के कुल 98 एवं हायर सेकण्डरी के कुल 31 विद्यार्थी प्रावीण्य सूची में सम्मिलित हैं। इनमें हाईस्कूल प्रमाणपत्र परीक्षा के 93 विद्यार्थी टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले हैं तथा विशेष पिछड़ी जनजाति के 05 विद्यार्थी शामिल हैं। वहीं हायर सेकण्डरी प्रमाणपत्र परीक्षा में कुल 22 विद्यार्थी सम्मिलित हैं, जिनमें अपने-अपने संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 08 विद्यार्थी हैं, जिनमें से 03 विद्यार्थी मुख्य सूची में भी सम्मिलित हैं तथा विशेष पिछड़ी जनजाति के 04 विद्यार्थी शामिल हैं।
प्रावीण्य सूची में हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी प्रमाणपत्र परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को “स्वर्ण पदक” तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को “रजत पदक” प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रावीण्य सूची में सम्मिलित समस्त विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र के साथ एक लाख पचास हजार रुपये मात्र की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
रायपुर में आज से पुलिस आयुक्त कमिश्नर प्रणाली लागू
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज से पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू की जाएगी, जिसके तहत शहर के 21 पुलिस थाने नयी व्यवस्था के तहत सीधे काम करेंगे। रायपुर के मौजूदा पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रणाली से पुलिसिंग के आयुक्त प्रणाली में बदल जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पिछले साल स्वतंत्रता दिवस पर रायपुर में पुलिस आयुक्त प्रणाली शुरू करने की घोषणा की थी।
उन्होंने बताया कि नयी व्यवस्था के लिए, रायपुर जिले को दो पुलिस जिलों – रायपुर शहरी और रायपुर ग्रामीण में पुनर्गठित किया गया है।
पुलिस आयुक्त प्रणाली के तहत, रायपुर शहरी में पुलिसिंग की जिम्मेदारी पुलिस आयुक्त, रायपुर शहरी नामक अधिकारी के पास होगी, जो पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) रैंक का होगा।
अधिसूचना के अनुसार रायपुर शहरी पुलिस जिले में 21 पुलिस थाने शामिल होंगे, जिनमें सिविल लाइंस, देवेंद्र नगर, तेलीबांधा, कोतवाली, गंज, मौदहापारा, गोल बाजार, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, अमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, राजेंद्र नगर, मुजगहन, टिकरापारा, उरला (बिरगांव नगर निगम की सीमा के बाहर के गांवों को छोड़कर), खमतराई, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह शामिल हैं। आपको बताते चलें कि रायपुर के पहले पुलिस आयुक्त के रूप में आईपीएस अफसर संजीव शुक्ला की नियुक्ति की गई है ।





