कांकेर/कोरबा, 23 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सड़क सुरक्षा माह अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। बीते 24 घंटों के भीतर कांकेर और कोरबा जिलों में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने अभियान की जमीनी हकीकत उजागर कर दी।
कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने देर रात करीब 1:30 बजे स्कॉर्पियो और बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों में सवार करीब 13 लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

इसी दौरान कांकेर थाना क्षेत्र के ग्राम तेलगरा में देर रात फलों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
वहीं कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कोयले से भरा ट्रेलर छिर्रा न्यायालय के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रेलर के पलटते ही कोयला सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप वाहन पर गिरता दिखाई दे रहा है।
पिकअप वाहन में सवार चार लोग इस हादसे में बाल-बाल बच गए। कोयला सड़क पर फैलने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से कोयला हटवाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस तीनों मामलों में जांच कर रही है।
सवाल यह है कि सड़क सुरक्षा माह के बावजूद तेज रफ्तार पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही?





