बिलासपुर, 28 जनवरी 2026
एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने कोरबा जिले के दीपका में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीएसपीडीसीएल (विद्युत विभाग) के सहायक अभियंता को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी सहायक अभियंता पर खेत में ट्रांसफार्मर लगाने के एवज में किसान से रिश्वत मांगने का आरोप है।
डीएसपी ACB बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम रलिया, जिला कोरबा निवासी श्यामता टंडन ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम दर्री, जिला कोरबा में उसके मित्र के पिता के नाम पर कृषि भूमि है, जहां ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए सीएसपीडीसीएल दीपका कार्यालय में आवेदन दिया गया था।

आवेदन के बाद सहायक अभियंता सत्येंद्र दिवाकर ने मौके का निरीक्षण किया और ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर चालान पटाने के अलावा “नाश्ता-पानी” के नाम पर कुल 80 हजार रुपए की मांग की। इसमें से आरोपी पहले ही 30 हजार रुपए ले चुका था, जबकि शेष 50 हजार रुपए की मांग लगातार की जा रही थी।
रिश्वत की बाकी रकम देने के बजाय शिकायतकर्ता ने ACB से संपर्क कर आरोपी को पकड़वाने का फैसला किया। शिकायत का सत्यापन होने पर आरोप सही पाया गया, जिसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।
28 जनवरी को शिकायतकर्ता द्वारा व्यवस्था की गई 50 हजार रुपए की रिश्वत आरोपी को दीपका स्थित कार्यालय में दी गई। जैसे ही सहायक अभियंता ने रिश्वत की रकम ली, ACB टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है।
फिलहाल ACB आरोपी सहायक अभियंता के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।





