मुंगेली, 29 जनवरी 2026। UGC बिल के विरोध में मुंगेली में सवर्ण समाज का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। इसी कड़ी में आयोजित समाज की बैठक में 30 जनवरी को नगर में विशाल और शांतिपूर्ण रैली निकालने का निर्णय लिया गया है। रैली के बाद कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बैठक में मौजूद समाज प्रमुखों और प्रतिनिधियों ने UGC बिल को समाज के हितों के विरुद्ध बताते हुए इसे “काला कानून” करार दिया और कड़े शब्दों में इसकी निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि यह बिल सामाजिक संतुलन, समान अवसर और शैक्षणिक न्याय के मूल सिद्धांतों पर सीधा प्रहार करता है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सर्वसम्मति से तय किया गया कि 30 जनवरी को दोपहर 12 बजे पुराना बस स्टैंड स्थित कम्युनिटी हॉल में सवर्ण समाज के लोग एकत्रित होंगे, जहां से नगर में शांतिपूर्ण रैली निकाली जाएगी। रैली के समापन पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर बिल को वापस लेने की मांग की जाएगी।
बैठक में युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक, अनुशासित और संविधान सम्मत रहेगा।
सवर्ण समाज मुंगेली ने साफ किया कि जब तक UGC बिल को लेकर समाज की आशंकाओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक के दौरान समाज में जोश, एकता और जागरूकता का माहौल देखने को मिला, जो आने वाले आंदोलन की व्यापकता का संकेत दे रहा है।





