प्रमोद कुमार
रायपुर, 31 जनवरी 2026/
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शनिवार शाम रायपुर के एक निजी अस्पताल पहुँचे, जहाँ उन्होंने बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र में हुए IED ब्लास्ट में घायल पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से इलाज की स्थिति की जानकारी ली और घायल जवानों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया।

उपमुख्यमंत्री ने घायल जवानों से घटना के बारे में जानकारी लेते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और कहा कि
“शासन और प्रशासन हर परिस्थिति में जवानों के साथ मजबूती से खड़ा है।”
उन्होंने अस्पताल में मौजूद अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि
जवानों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ।
विजय शर्मा ने कहा कि
“नक्सल विरोधी अभियानों में तैनात हमारे जवान असाधारण साहस और समर्पण के साथ प्रदेश की सुरक्षा में लगे हैं, उनका त्याग अतुलनीय है।”
गौरतलब है कि 25 जनवरी को कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र में एक के बाद एक कुल छह IED विस्फोट हुए थे, जिनकी चपेट में आने से डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के 12 जवान घायल हो गए थे। यह घटना उस समय हुई, जब सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम तेलंगाना सीमा से सटे कर्रेगुट्टा हिल्स क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।
घटना के बाद सभी घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया, जहाँ उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
इलाज के बाद 6 जवान पूरी तरह स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं, जबकि अन्य जवानों की स्थिति में भी लगातार सुधार हो रहा है।





