प्रमोद कुमार
बलौदाबाजार, 31 जनवरी 2026

जिला मुख्यालय के दशहरा मैदान में 19 जनवरी से 29 जनवरी तक आयोजित ग्यारह दिवसीय श्री हनुमत महायज्ञ का कलश विसर्जन और महाप्रसादी वितरण के साथ भव्य समापन हो गया।
लगातार ग्यारह दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में स्थानीय कलाकारों के साथ अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। 16 वेदपाठी आचार्यों की देखरेख में यज्ञ के यजमान उमा शर्मा, दिनेश शर्मा, सविता तिवारी और शिव प्रकाश तिवारी ने संपूर्ण विधि-विधान और व्रत नियमों का पालन करते हुए विश्व कल्याण एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए यह महायज्ञ संपन्न कराया।
इस महायज्ञ का आयोजन इस वर्ष पांचवें वर्ष में बिना किसी बाधा के संपन्न हुआ। यज्ञ स्थल पर पक्की यज्ञ शाला का निर्माण, बाउंड्रीवाल और दो कमरे तत्कालीन नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया की अनुशंसा पर नगरपालिका द्वारा और इस वर्ष कबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा द्वारा प्रवचन एवं कथा मंच के लिए सभागार का निर्माण यज्ञ समिति की मांग पर किया गया।
धर्म रक्षार्थ यज्ञ एवं जनसेवा समिति बलौदाबाजार के अध्यक्ष विवेक आनंद तिवारी ने समिति के सभी सक्रिय सदस्यों, नगरवासियों, मातृशक्ति और नन्हे धर्मानुरागी कार्यकर्ताओं का प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही बलौदाबाजार राइस मिल एसोसिएशन, व्यापारियों, उद्यमियों, ग्रामवासियों, शासन-प्रशासन और समाज प्रमुखों का भी धन्यवाद किया।
यज्ञ समिति ने बताया कि इस आयोजन से हजारों धर्मानुरागियों ने पुण्य लाभ प्राप्त किया और भविष्य में भी यह महायज्ञ नियमित रूप से संपन्न करने की परंपरा जारी रखने का संकल्प लिया गया है।





