प्रमोद कुमार
रायपुर | 31 जनवरी 2026

छत्तीसगढ़ की कृषि को और उन्नत व आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बड़ा कदम उठाने जा रही हैं। केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अगले एक सप्ताह में वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों की टीम छत्तीसगढ़ के एग्रोक्लाइमेट के अनुरूप विशेष कृषि नीति तैयार करेगी।
महानदी भवन मंत्रालय में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में फसल विविधिकरण को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त व सचिव शहला निगार सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छोटी जोत वाले किसानों को पशुपालन, मत्स्यपालन और वानिकी जैसी सहायक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा, ताकि उनकी आमदनी के अतिरिक्त स्रोत विकसित हो सकें।
उन्होंने बताया कि रिसर्च और फसल वैरायटी से जुड़ी समस्याओं को दूर कर नई किस्मों पर काम किया जाएगा।
शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि कृषि अनुसंधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका सीधा लाभ किसानों तक पहुंचे।
उन्होंने फॉर्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (FPO) को मजबूत करने, कृषि यंत्रों के वितरण की फिजिकल वेरिफिकेशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य जिला योजना की भी समीक्षा की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ विविध फसलों के लिए उपयुक्त जलवायु वाला राज्य है, इसलिए अलग-अलग जिलों में जलवायु के अनुसार अलग-अलग फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने पाम ऑयल और मखाना की खेती को भी प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर सार्थक प्रयास हो रहे हैं।
आधुनिक कृषि तकनीक और उपकरण अपनाकर उत्पादन बढ़ेगा, किसान सशक्त होंगे और देश समृद्ध बनेगा।
उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि, कृषि सिंचाई योजना, आत्मनिर्भरता इन पल्सेस मिशन, बागवानी मिशन और जनधन योजना सहित कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि पीएम किसान योजना का लाभ हर पात्र किसान तक 100 प्रतिशत पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ को उम्मीद से अधिक सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताते हुए कहा कि बैठक में मिले दिशा-निर्देशों से कृषि और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।





