सूरजपुर | 02 फ़रवरी 2026

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला हत्याकांड सामने आया है। युवक ने अपनी ही मामी, जो उसकी पत्नी भी थी, की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले दुपट्टे से गला घोंटा, फिर चाकू से गला काटकर जान ले ली। हत्या आरोपी ने अपने ही बर्थडे के दिन की।

मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मृतका पिंकी सोलंकी (26) की शादी करीब 8 साल पहले भैसामुंडा निवासी शिवदास से हुई थी। काम की तलाश में दंपती अंबिकापुर आकर किराए के मकान में रहने लगे। इसी दौरान शिवदास का भांजा हेमंत सोलंकी (24) भी अंबिकापुर आ गया और मामा-मामी के साथ रहने लगा।
मामा की गैरमौजूदगी में पिंकी और हेमंत के बीच नजदीकियां बढ़ीं। कुछ समय बाद पिंकी ने पति को छोड़ दिया और भांजे हेमंत के साथ रहने लगी। दोनों ने लव मैरिज की और एक बच्ची भी हुई। पिंकी की कुल दो बेटियां थीं।
पुलिस के मुताबिक, पिंकी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थी। हेमंत को शक था कि वह कई लड़कों से बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था। झगड़े के बाद पिंकी अपने बच्चों के साथ अलग रहने लगी।
इससे नाराज हेमंत ने करीब दो महीने पहले ही हत्या की साजिश रच ली।
29 जनवरी को अपने बर्थडे के दिन हेमंत ने पिंकी को सेलिब्रेशन के बहाने बुलाया। दोनों अंबिकापुर के एक होटल में मिले, केक काटा और शराब पी। इसके बाद हेमंत उसे पिलखा पहाड़ स्थित मोरभंज पिकनिक स्पॉट ले गया।
जंगल के अंदर ले जाकर आरोपी ने पहले दुपट्टे से पिंकी का गला दबाया। जब वह बेसुध हो गई, तो चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
मृतका की बहन रिंकी पाटिल ने बताया कि पिंकी 29 जनवरी को दोपहर करीब 12:30 बजे अपनी बेटी को उसके पास छोड़कर बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। मोबाइल भी बंद आ रहा था।
एडिशनल एसपी योगेश देवांगन ने बताया कि पूछताछ में हेमंत सोलंकी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


