प्रमोद कुमार
रायपुर, 02 फ़रवरी 2026

रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को खेले गए मुकाबले में प्रमोद मिश्रा की विस्फोटक बल्लेबाज़ी ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। प्रेस इलेवन स्टार ने सीनियर संयुक्त इलेवन को 28 रन से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में दमदार आगाज़ किया।
10-10 ओवर के इस मुकाबले में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए प्रेस इलेवन स्टार ने सिर्फ एक विकेट के नुकसान पर 189 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रमोद मिश्रा ने महज़ 39 गेंदों में नाबाद 135 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस ऐतिहासिक पारी में 14 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। प्रमोद का स्ट्राइक रेट 346 से भी अधिक रहा, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
उनका अच्छा साथ रवि शंकर शर्मा ने दिया, जिन्होंने 20 गेंदों में 44 रन की तेज पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीनियर संयुक्त इलेवन की टीम 10 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन ही बना सकी। टीम की ओर से योगेश मिश्रा ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 37 गेंदों में 128 रन ठोके, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई ठोस सहयोग नहीं मिल सका। कप्तान शरणजीत टेटरी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जबकि अन्य बल्लेबाज़ बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
गेंदबाज़ी में प्रेस इलेवन स्टार की ओर से अभिषेक सिंह और अमृतेश्वर सिंह ने सधी हुई गेंदबाज़ी करते हुए अहम विकेट झटके और रन गति पर अंकुश लगाया।
शानदार बल्लेबाज़ी और प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए प्रमोद मिश्रा को प्लेयर ऑफ द मैच और एमवीपी चुना गया।
इस जीत के साथ प्रेस इलेवन स्टार ने प्रेस क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट की पॉइंट्स टेबल में मजबूत बढ़त बना ली है, जबकि सीनियर संयुक्त इलेवन को करीबी लेकिन रोमांचक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।





