बीजापुर, 5 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘नियद नेल्लानार’ और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर एक डीवीसीएम सहित 12 सशस्त्र माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। इन पर कुल 54 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

आत्मसमर्पण करने वालों में 8 महिला और 4 पुरुष माओवादी शामिल हैं। सभी माओवादी फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट, आगजनी जैसी कई गंभीर नक्सली वारदातों में शामिल रहे हैं। आत्मसमर्पण के दौरान माओवादियों ने पुलिस को एक AK-47 और दो SLR राइफल भी सौंपीं।
यह आत्मसमर्पण बस्तर आईजी पी. सुंदरराज, सीआरपीएफ डीआईजी देवेंद्र सिंह नेगी, एसपी जितेंद्र यादव, एएसपी यूलेण्डन यार्क, डीएसपी शरद जायसवाल और डीएसपी विनीत साहू की मौजूदगी में संपन्न हुआ। शासन की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले प्रत्येक माओवादी को 50-50 हजार रुपये की नगद सहायता प्रदान की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक
- 888 माओवादियों ने आत्मसमर्पण,
- 1163 माओवादी गिरफ्तार,
- और 231 माओवादी मुठभेड़ों में मारे गए हैं।
आईजी पी. सुंदरराज ने कहा कि सरकार की योजनाएं और पुनर्वास नीति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं और बड़ी संख्या में माओवादी मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।





