प्रमोद कुमार
रायपुर, 05 फ़रवरी 2026

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 7 से 9 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगे। इस दौरान वे राज्य की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों की समीक्षा तथा विकास और जनजातीय संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
दौरे के पहले दिन 7 फरवरी को अमित शाह रायपुर पहुंचेंगे। आगमन के बाद रात 8 बजे होटल मेफेयर में वरिष्ठ प्रशासनिक और सुरक्षा अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में राज्य से जुड़े विभिन्न सुरक्षा और प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की जाएगी।
8 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री रायपुर में वामपंथी उग्रवाद (LWE) को लेकर उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। नक्सलवाद के उन्मूलन को लेकर चल रही रणनीतियों और आगे की कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा।
इसी दिन शाम 4:30 बजे अमित शाह साप्ताहिक पत्रिका ‘ऑर्गेनाइज़र’ के ‘भारत प्रकाशन’ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कॉन्क्लेव “छत्तीसगढ़ @ 25 : शिफ्टिंग द लेंस” में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
अपने दौरे के अंतिम दिन 9 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री जगदलपुर पहुंचेंगे, जहां वे बस्तर पंडूम महोत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे। यह महोत्सव बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का प्रमुख मंच माना जाता है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अमित शाह का यह दौरा छत्तीसगढ़ के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई को और मजबूती मिलेगी, साथ ही बस्तर के विकास और जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
कुल मिलाकर, केंद्रीय गृह मंत्री का यह तीन दिवसीय दौरा छत्तीसगढ़ में सुरक्षा सुदृढ़ीकरण, विकासात्मक दृष्टिकोण और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।





