प्रमोद कुमार
रायपुर, 12 फ़रवरी 2026
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित प्रतिष्ठित ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (VBYLD) 2026’ में कलिंगा विश्वविद्यालय की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर राज्य का गौरव बढ़ाया। एमबीए की छात्रा अलीशा यादव और बीबीए एलएलबी की छात्रा असना जाबी ने राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर अपनी प्रभावशाली भागीदारी दर्ज कराई।

‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2026’ 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को भारत @2047 की परिकल्पना के निर्माण में सहभागी बनाने वाला एक राष्ट्रीय मंच है। इस पहल में देशभर से 50.64 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया तीन चरणों—डिजिटल क्विज़, निबंध लेखन और राज्य स्तरीय प्रस्तुतियों—के माध्यम से संपन्न हुई, जिसके बाद नई दिल्ली में भव्य समापन आयोजन किया गया।
कठोर बहु-स्तरीय चयन प्रक्रिया में राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिता, निबंध मूल्यांकन, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष पीपीटी प्रस्तुति तथा सुप्रीम कोर्ट के एक वरिष्ठ अधिवक्ता की देखरेख में अंतिम नेतृत्व मूल्यांकन साक्षात्कार शामिल था। इन सभी चरणों को सफलतापूर्वक पार कर दोनों छात्राओं ने देशभर से चयनित प्रतिभागियों में स्थान बनाया।
संवाद के दौरान अलीशा यादव ने “विकसित भारत के लिए भविष्य-तैयार कार्यबल का निर्माण” विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कौशल विकास, रोजगारयोग्यता और वैश्विक चुनौतियों के अनुरूप युवाओं को तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं, असना जाबी ने “विकसित भारत की कुंजी: महिला-नेतृत्व विकास” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, समावेशी शासन और लैंगिक दृष्टिकोण आधारित सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम की गरिमा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और किरेन रिजिजू सहित कई विशिष्ट राष्ट्रीय नेताओं और नीति विशेषज्ञों की उपस्थिति से और बढ़ी।
यह उपलब्धि न केवल कलिंगा विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि छत्तीसगढ़ के युवा नेतृत्व की राष्ट्र निर्माण में बढ़ती भूमिका को भी दर्शाती है।





