प्रमोद कुमार
रायपुर, 12 फ़रवरी 2026

वन मंत्री केदार कश्यप ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वन विभाग की दो वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के वन विभाग ने तेजी से नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
वन मंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में 7 करोड़ से अधिक वृक्षारोपण किया गया है। वन क्षेत्र में 435 देवगुड़ियों का निर्माण कराया गया है, जिससे स्थानीय आस्था और वन संरक्षण को बढ़ावा मिला है। विभाग द्वारा 463 पदों पर भर्ती की जा चुकी है, जबकि 1500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2022 की गणना के अनुसार प्रदेश में बाघों की संख्या 17 थी, जो अब बढ़कर 35 हो गई है। उन्होंने कहा कि बाघों के संवर्धन और संरक्षण के लिए विभाग लगातार कार्य कर रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
इसके साथ ही 240 नैसर्गिक पर्यटन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिला है। प्रदेश में हाथियों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई है और वर्तमान में 355 हाथियों का विचरण हो रहा है। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में 50 ‘हाथी मित्र’ गठित किए गए हैं, जो जन-जागरूकता और सुरक्षा के कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
वन मंत्री ने कहा कि सरकार ने चरण पादुका योजना को फिर से शुरू करने का वादा किया था, जिसे पूरा किया गया है। माताओं-बहनों को चरण पादुका का वितरण किया गया है और आने वाले समय में पुरुषों को भी इसका लाभ दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वन संरक्षण, रोजगार सृजन और जनभागीदारी के माध्यम से छत्तीसगढ़ वन संपदा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।





