कोंडागांव 13 फरवरी 2026
कोंडागांव जिले के कोकोड़ी गांव में स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण प्लांट में गुरुवार देर रात ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्लांट परिसर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और वहां खड़ी कार, ट्रैक्टर समेत कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक 10 से 20 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। एसपी, एसडीएम सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने हालात को संभालने की कोशिश की और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला तरल अपशिष्ट उनके खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। किसानों का कहना है कि वे लंबे समय से शिकायत कर रहे थे, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने सामूहिक रूप से प्लांट का घेराव कर दिया।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने रातभर प्लांट को चारों ओर से घेर रखा और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी। एक वाहन चालक को जान बचाने के लिए जंगल में छिपकर रात गुजारनी पड़ी। हालात इतने बिगड़े कि कुछ समय के लिए पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा।
ग्रामीणों ने प्लांट प्रबंधन और एमडी विनोद खन्ना पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि समय रहते शिकायतों पर ध्यान दिया जाता तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। हालांकि प्रबंधन की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नुकसान का आकलन और प्रदूषण के आरोपों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।





