मीडिया 24 डेस्क
देहरादून | 14 फरवरी 2026

विक्रम शर्मा की दिनदहाड़े हत्या के बाद उसका आपराधिक इतिहास सामने आने से देहरादून में सनसनी फैल गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि सहस्त्रधारा रोड स्थित अमन विहार की ग्रीन व्यू रेजिडेंसी में पिछले सात-आठ वर्षों से परिवार के साथ रह रहा विक्रम पड़ोसियों की नजर में एक सामान्य और रईस प्रॉपर्टी डीलर था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उस पर 30 से अधिक हत्या के मुकदमे दर्ज थे।
इसके बावजूद वह पहचान छिपाकर देहरादून में सुकून से जीवन बिता रहा था। हत्या के बाद जब उसका आपराधिक इतिहास उजागर हुआ तो पड़ोसी और स्थानीय लोग हैरान रह गए।
ग्रीन व्यू रेजिडेंसी के बी-ब्लॉक की पांचवीं मंजिल पर फ्लैट नंबर 502 में रहने वाला विक्रम शर्मा क्षेत्र में “स्टोन केसर” संचालक और प्रॉपर्टी डीलर के रूप में जाना जाता था।
महंगी गाड़ियों का शौकीन विक्रम रोज सुबह जिम जाता था और फिर नेशविला रोड स्थित अपने ऑफिस पहुंचता था।
लोगों का कहना है कि उसका व्यवहार सौम्य था और वह मोहल्ले के सुख-दुख में भी शामिल रहता था।
बताया जा रहा है कि विक्रम ने अपनी असली पहचान छिपाकर लंबे समय तक पुलिस को भी गुमराह किया।
हत्या के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची है और उसके नेटवर्क व आपराधिक कनेक्शन की जांच तेज कर दी गई है।
घटना के बाद परिवार और रिश्तेदारों ने मीडिया से दूरी बना ली है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से लिखित तहरीर देने को कहा है, हालांकि परिजनों ने वकील से सलाह के बाद कार्रवाई की बात कही है।
महत्वपूर्ण
पॉश कॉलोनी में सामान्य जीवन जी रहा शख्स कुख्यात गैंगस्टर निकला—इस खुलासे ने शहर में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





