मीडिया 24 डेस्क
रायगढ़, 17 फ़रवरी 2026

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिला रायगढ़ के खरसिया स्थित बरगढ़ धाम में आयोजित ‘हिन्दू महासंगम’ कार्यक्रम में 272 धर्मांतरित भाइयों-बहनों ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ पुनः सनातन धर्म में घर वापसी की। यह आयोजन बाबा सिद्धेश्वर महादेव की पावन धरा पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन धर्म जागरण समन्वय छत्तीसगढ़ प्रांत, कल्चुरि कलार महासंघ, सेवा न्याय उत्थान तथा दिलीप सिंह जूदेव फाउंडेशन के तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय घर वापसी प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने स्वयं चरण पखारकर सभी लोगों को सनातन परंपरा में पुनः सम्मिलित कराया।
अपने संबोधन में प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव द्वारा प्रारंभ किया गया घर वापसी अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कृति और आस्था से पुनः जुड़ने का संकल्प है।
कार्यक्रम में मातंगीधाम के संत प्रेमा साईं महाराज का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर महादेव का अटूट विश्वास हमें सनातन के शाश्वत सिद्धांतों को साहसपूर्वक अपनाने और उनके माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित करता है।
इस अवसर पर विजय शंकर पटनायक (आरएसएस), राजकुमार चंद्रा (धर्मजागरण), भोजराम देवांगन (अध्यक्ष, हथकरघा बोर्ड), प्रहलाद रजक (अध्यक्ष, रजाकार बोर्ड), स्वाती गोयल शर्मा (समाज सेविका), अंजू गवेल (धर्म जागरण), विजय जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





