प्रमोद कुमार
रायपुर, 18 फ़रवरी 2026

छत्तीसगढ़ में इस साल होली पर शराब के शौकीनों को राहत मिलेगी। राज्य सरकार की नई आबकारी नीति के तहत अब होली के दिन शराब की दुकानें बंद नहीं रहेंगी। यानी त्योहार के दिन भी लोग सीधे दुकानों से शराब खरीद सकेंगे।
नई आबकारी नीति में पहले तय 7 ड्राई डे में से 3 दिन समाप्त कर दिए गए हैं। जिन दिनों से प्रतिबंध हटाया गया है, वे हैं:
- होली
- मुहर्रम
- 30 जनवरी (Mahatma Gandhi निर्वाण दिवस)
इन दिनों अब शराब बिक्री पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। सरकार का तर्क है कि बिक्री की अनुमति रहने से अवैध शराब की आशंका कम होगी।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब राज्य में केवल 4 दिन ड्राई डे घोषित किए गए हैं:
- 26 जनवरी – गणतंत्र दिवस
- 15 अगस्त – स्वतंत्रता दिवस
- 2 अक्टूबर – गांधी जयंती
- 18 दिसंबर – गुरु घासीदास जयंती
इन चार दिनों में प्रदेशभर में शराब दुकानें बंद रहेंगी।
अब तक होली के दिन पूरे प्रदेश में शराब दुकानें पूरी तरह बंद रखी जाती थीं। होली की पूर्व संध्या पर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग भी की जाती थी। कई स्थानों पर पहले से शराब खरीदकर ले जाने वालों से पूछताछ और कार्रवाई की स्थिति बनती थी।
नई नीति लागू होने के बाद इस तरह की सख्ती नहीं रहेगी और त्योहार के दिन भी सामान्य रूप से बिक्री होगी।
30 जनवरी को गांधी निर्वाण दिवस पर शराब दुकानें खुली रहने के मुद्दे पर पहले भी विरोध हो चुका है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन कर इसे राष्ट्रपिता के सिद्धांतों के खिलाफ बताया था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बापू के आदर्शों के विपरीत ऐसे दिन शराब दुकान खुली रखना जनभावनाओं का अनादर है।
अब नई नीति के बाद यह व्यवस्था स्थायी रूप से लागू रहेगी।





