प्रमोद कुमार
रायपुर, 18 फरवरी 2026

सिंधी समाज सनातन धर्म, राष्ट्र एवं सामाजिक दायित्वों को और सशक्त बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करेगा। इस उद्देश्य से 22 फरवरी को शाम 5 बजे शंकरनगर स्थित सिंधु पैलेस में शहर की सभी सिंधी पंचायतों और समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों की विशाल सभा आयोजित की जाएगी। सभा में नगर की 12 विशिष्ट सिंधी विभूतियों का सम्मान भी किया जाएगा।
मसन्द सेवाश्रम के पीठाधीश साईं जलकुमार मसन्द ने बताया कि सिंधी समाज की जीवन शैली सदैव सनातन धर्म, राष्ट्र और मानवता के कल्याण से जुड़ी रही है। अब उसी गौरवशाली परंपरा के अनुरूप समाज को पुनः सक्रिय भूमिका में लाने के लिए संगठित प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाज को देश के चारों शंकराचार्यों से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि आध्यात्मिक मार्गदर्शन के साथ सामाजिक चेतना मजबूत हो सके।
साईं मसन्द अंतरराष्ट्रीय हिंदू संगठन “परम धर्म संसद 1008” के संगठन मंत्री हैं और पिछले कई वर्षों से वैदिक सिद्धांतों पर आधारित सामाजिक जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि देश-विदेश में इस दिशा में सकारात्मक वातावरण बन रहा है और समाज की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धमतरी के महापौर रामू रोहरा रहेंगे।
स्वागत समिति के अध्यक्ष महेश दरयाणी, सहअध्यक्ष अमरलाल गिदवाणी तथा संयोजक भरत बजाज ने रायपुर की सभी सिंधी पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं, युवाओं और महिला कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
सभा में सनातन संस्कृति, सामाजिक सेवा और राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 सिंधी हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
—
मयंक मसंद
प्रवक्ता, मसन्द सेवाश्रम, रायपुर





