प्रमोद कुमार
रायपुर, 19 फ़रवरी 2026

राज्य के उच्च शिक्षा विभाग ने प्रयोगशाला तकनीशियन के 260 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर दी है। चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी करते हुए पदस्थापना आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा का आयोजन व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा कराया गया था।
दावा-आपत्ति के निराकरण के बाद उच्च शिक्षा संचालनालय नवा रायपुर अटल नगर ने अंतिम चयन और अनुपूरक सूची प्रकाशित की। काउंसिलिंग में अनुपस्थित 14, लिखित त्यागपत्र देने वाले 4 तथा समय पर जॉइनिंग नहीं करने वाले 10 अभ्यर्थियों के स्थान पर अनुपूरक सूची से 24 उम्मीदवारों को अवसर दिया गया। वहीं 2 अभ्यर्थी फिर भी अनुपस्थित रहे तथा भूतपूर्व सैनिक और दिव्यांग वर्ग के 1-1 पद उपयुक्त उम्मीदवार नहीं मिलने से रिक्त रखे गए हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को मैट्रिक्स लेवल-6 (₹25,300-80,500) वेतनमान में अस्थायी नियुक्ति दी गई है। सभी को तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर संबंधित शासकीय महाविद्यालयों में पदस्थ किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार बेरला (बेमेतरा), जशपुर, किरंदुल (दंतेवाड़ा), रामानुजगंज, छुरा (गरियाबंद), गंडई, सूरजपुर, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, तोकापाल (बस्तर), पखांजुर (कांकेर), नारायणपुर, मैनपुर, कोंटा (सुकमा) सहित कई दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के शासकीय महाविद्यालयों में पदस्थापना की गई है।
उच्च शिक्षा विभाग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर संबंधित कॉलेज में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
इन नियुक्तियों से प्रदेश के दूरस्थ और आदिवासी अंचलों के महाविद्यालयों में प्रयोगशाला सुविधाएं मजबूत होने और विज्ञान विषयों की पढ़ाई में गुणवत्ता सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।



