प्रमोद कुमार
रायपुर, 20 फरवरी 2026

शासकीय नवीन महाविद्यालय लखनपुर (केवरा) की बीएससी की छात्रा सुधा सिंह ने एथलेटिक्स की हैमर थ्रो स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान और इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्रा की उपलब्धि से महाविद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इस उपलब्धि पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने छात्रा को सम्मानित कर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं, जरूरत केवल उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की है।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार खेल और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार अवसर बढ़ा रही है, ताकि प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने का बेहतर मौका मिल सके। उन्होंने कहा कि सुधा सिंह की सफलता यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद लगन और मेहनत से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि सरकार का संकल्प है कि बेटियों की प्रतिभा को उचित अवसर मिले और उनके सपने साकार हों। सुधा सिंह जैसी प्रतिभाएं अपने परिवार और महाविद्यालय ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन करती हैं।
महाविद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने भी छात्रा की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी छात्रा को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छात्रा की सफलता ने यह संदेश दिया है कि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हों तो कोई भी मुकाम दूर नहीं। खेल के क्षेत्र में यह उपलब्धि आने वाले समय में और बड़ी सफलताओं की ओर संकेत मानी जा रही है।





