लोरमी, 22 फ़रवरी 2026। उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने लोरमी प्रवास के दौरान ग्राम कारीडोंगरी और दरवाजा के बीच मनियारी नदी पर निर्माणाधीन पुल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि अब तक पुल का निर्माण पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन कार्य निर्धारित समयसीमा से काफी पीछे चल रहा है। कम संख्या में मजदूरों के साथ समय पर काम पूरा करना संभव नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि बारिश से पहले हर हाल में पुल निर्माण पूर्ण कराया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को बरसात के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पुल के अभाव में गांवों का संपर्क कट जाता है, जिससे आवागमन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि केवल नोटिस जारी करने से काम नहीं चलेगा, आवश्यकता पड़ने पर ठेकेदार पर पेनाल्टी भी लगाई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यह बहुप्रतीक्षित पुल बन जाने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को निर्देशित किया गया कि कार्य में तेजी लाकर तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करें।





