प्रमोद कुमार
रायपुर, 01 मार्च 2026

होली पर्व के बहिष्कार को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कांग्रेस के एक जिलाध्यक्ष के होली न मनाने के बयान पर कड़ा हमला बोलते हुए इसे हिंदू आस्था का अपमान बताया है।
अमित चिमनानी ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। “होली में दुश्मनों के भी गले मिलने की परंपरा रही है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा होली न खेलने का निर्णय घोर आपत्तिजनक है,” उन्होंने कहा।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार हिंदू त्योहारों और सनातन परंपराओं को राजनीतिक विवादों से जोड़ने की कोशिश करती है। उनके मुताबिक, राजनीतिक मतभेद पूरे वर्ष चलते रहते हैं, लेकिन धार्मिक आस्था और त्योहारों को राजनीतिक मंच बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
चिमनानी ने कहा कि भारत में होली गहरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाती है। ऐसे में किसी जिम्मेदार पदाधिकारी द्वारा बहिष्कार का ऐलान करना करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है। उन्होंने कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
भाजपा ने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वह “तुष्टीकरण और हिंदू विरोधी नीतियों” से बाज नहीं आई तो प्रदेश और देश की जनता आने वाले समय में उसे करारा जवाब देगी।
इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में होली को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।





