गुवाहाटी, 02 मार्च 2026।असम विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दावा किया है कि राज्य में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि “विकास का कोई विकल्प नहीं है, इसलिए असम में उम्मीदों और आशाओं का कमल फिर खिलेगा।”

असम प्रवास के दौरान लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न विधानसभा सीटों के पदाधिकारियों की बैठक लेते हुए साव ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरकर विश्वास मजबूत किया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष बिखराव और निराशा से जूझ रहा है और चुनावी मैदान में कहीं नजर नहीं आ रहा।
भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने अरुण साव को लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र की 9 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी है। चार दिवसीय असम प्रवास (25 फरवरी से 1 मार्च) के दौरान उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और बूथ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।
रविवार को उन्होंने धेमाजी, मसकुआ (सिसिबोरगांव) और जोनाई में मंडल अध्यक्षों, विस्तारकों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इससे पहले तिनसुकिया, डूमडूमा, सदिया, लखीमपुर और नोबोइचा में भी चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं ने असम को नई विकास गति दी है। वहीं मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, महिला सशक्तिकरण और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर “खुशहाल और विकसित असम” के संकल्प के साथ जनता के बीच जाएं और तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का लक्ष्य सुनिश्चित करें।
बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ. रोनुज पेगु, विधायक भुबना पेगु, मंत्री रूपेश गोवाला, विधायक मानव डेका सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।





