प्रमोद कुमार
रायपुर, 2 मार्च 2026। प्रदेश के कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने आज प्रतापपुर विकासखंड के धोंधा में बहुप्रतीक्षित कृषि महाविद्यालय भवन का विधिवत भूमि पूजन किया। इस अवसर पर कुल 889.53 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कृषि महाविद्यालय भवन तथा 602.10 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले बालक एवं कन्या छात्रावास भवन का शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम में प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी देवपाल सिंह पैंकरा, जिला पंचायत सदस्य लवकेश पैंकरा सहित बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
भूमि पूजन के बाद सभा को संबोधित करते हुए मंत्री नेताम ने कहा कि यह दिन धोंधा प्रतापपुर और आसपास के ग्रामीण अंचलों के लिए ऐतिहासिक है। कृषि महाविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत खेती के तौर-तरीकों और कृषि विज्ञान की उच्च शिक्षा अपने ही जिले में उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह संस्थान कृषि अनुसंधान, नवाचार और ग्रामीण विकास का केंद्र बनेगा। मंत्री ने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाएगा।
विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने इसे क्षेत्र के लिए सपना साकार होने जैसा बताया। उन्होंने कहा कि अब विद्यार्थियों को कृषि शिक्षा के लिए दूर-दराज शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय कृषि विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करेगा।
इस कृषि महाविद्यालय में कृषि विज्ञान, उद्यानिकी, पशुपालन और ग्रामीण प्रबंधन जैसे विषयों में उच्च शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ग्रामीण विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।





