जगदलपुर, 06 मार्च 2026/ बस्तर क्षेत्र को स्वास्थ्य सुविधाओं और बुनियादी विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और बस्तर सांसद महेश कश्यप की मौजूदगी में भानपुरी स्थित सिविल अस्पताल में अत्याधुनिक हेल्थ एटीएम का शुभारंभ किया गया। वहीं नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के करंदोला में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।

भानपुरी सिविल अस्पताल में स्थापित हेल्थ एटीएम के जरिए अब लोगों को एक ही स्थान पर कई प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी। इस मशीन से रक्तचाप, शुगर, ईसीजी समेत कई जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण कुछ ही मिनटों में किए जा सकेंगे। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समय पर जांच और परामर्श मिल सकेगा, जिससे गंभीर बीमारियों की पहचान समय रहते हो सकेगी।
वहीं नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के करंदोला में कुल 36.50 लाख रुपये के विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें घोटिया में दुलारदई गुड़ी के पास 5 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण, तिरथा में भैरमगुड़ी मंदिर के पास 6 लाख रुपये की लागत से 2 मीटर पुलिया निर्माण, राजपुर में 6 लाख रुपये की लागत से 200 मीटर सीसी सड़क निर्माण, सुधापाल में माता मंदिर के पास 4.50 लाख रुपये की लागत से 1.5 मीटर पुलिया निर्माण, खड़का में 6 लाख रुपये की लागत से 2 मीटर पुलिया निर्माण और सालेमेटा में 9 लाख रुपये की लागत से 300 मीटर सीसी सड़क निर्माण शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। हेल्थ एटीएम जैसी आधुनिक व्यवस्था से ग्रामीणों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी, वहीं विकास कार्यों से क्षेत्र की बुनियादी जरूरतें भी पूरी होंगी।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर में स्वास्थ्य और विकास दोनों क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है। आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और गांवों में आधारभूत विकास कार्य क्षेत्र की प्रगति को नई गति देंगे।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, रूपसिंग मंडावी, बलदेव मंडावी, संतोष बघेल, निर्देश दिवान, खितेश मौर्य, प्रवीण सांखला, विजय पाण्डेय, दिलीप पाणिग्राही, गौरव कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





