रायपुर, 25 नवंबर। राजधानी रायपुर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में करीब चार महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। विशेष जांच टीम (SIT) की जांच में सामने आया है कि बैटरी कारोबारी साजिद अली ने ही अपनी पत्नी और तीन बच्चों को जहर देकर उनकी हत्या की थी। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जांच में सट्टे के कारोबार में नुकसान, नशे की लत और आर्थिक तंगी को इस सामूहिक मौत की मुख्य वजह माना गया है।
यह मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर का है। जांच के दौरान SIT ने साजिद के बैंक खातों और आर्थिक लेनदेन की पड़ताल की। इसमें पिछले पांच साल के दौरान करीब 70 लाख रुपए के लेनदेन का पता चला। जांच में सामने आया कि साजिद गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाता था। इस कारोबार में उसे लगातार नुकसान हो रहा था। बाद में उसने सट्टे का काम बंद कर दिया, जिसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई।

मौदहापारा में चलाता था बैटरी रिपेयरिंग की दुकान
साजिद अली मौदहापारा में बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। शुरुआत में उसने ठेला लगाया था, जिसके बाद बैटरी रिपेयरिंग का काम शुरू किया और अपनी दुकान खोल ली। पुलिस जांच में पता चला कि वह नशे का आदी था और पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में रह रहा था।

वह करीब 15 साल से अपने भाई-बहनों से अलग रह रहा था। भिलाई में रहने वाले ससुराल पक्ष से भी उसका संपर्क बेहद कम था। पुलिस को यह जानकारी भी मिली कि कुछ लोग उससे उधार दिए गए पैसे मांगने घर आया करते थे।
बेटे को रात 12:30 बजे फोन कर बुलाया था
पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले गुरुवार रात करीब 12:30 बजे साजिद ने अपने बेटे इरशाद को फोन किया था। उसने उसे तुरंत घर आने के लिए कहा और डांटते हुए बुलाया था। घर पहुंचने के बाद साजिद ने परिवार के साथ मिठाई खाई थी। वह बाजार से रसगुल्ला और पेड़ा लेकर आया था। इसके बाद परिवार का कोई भी सदस्य घर से बाहर नहीं निकला।
17 जुलाई को घर में मिले थे पांचों के शव
17 जुलाई 2026 को संजय नगर स्थित घर में बैटरी कारोबारी साजिद अली, उसकी पत्नी, बेटे और दो बेटियों के शव मिले थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। बाद में मामले की जांच SIT को सौंप दी गई।
करीब चार महीने तक चली जांच में टीम ने बैंक खातों, आर्थिक लेनदेन, सट्टे के कारोबार और पारिवारिक परिस्थितियों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की। जांच के निष्कर्ष में साजिद अली को पत्नी और तीन बच्चों की हत्या के लिए जिम्मेदार पाया गया। पुलिस के मुताबिक, परिवार को जहर देने के बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।


