नया रायपुर, 25नवंबर। कलिंगा विश्वविद्यालय, नया रायपुर के विधि संकाय की ओर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उभरते रुझानों और कानूनी शासन के तुलनात्मक दृष्टिकोण पर दो दिवसीय वैश्विक सम्मेलन आयोजित किया गया। 20 और 21 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के न्यायाधीशों, शिक्षाविदों, कानूनी विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों और शोधार्थियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन के लिए 528 शोधार्थियों ने पंजीयन कराया, जबकि 11 तकनीकी सत्रों में 220 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए।
सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति इंदिरा बनर्जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर. श्रीधर, महानिदेशक डॉ. बैजू जॉन, प्रति-कुलपति डॉ. मोनिका सेठी शर्मा, कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और विधि संकाय के प्रोफेसर एवं डीन प्रो. (डॉ.) अजीमखान बी. पठान उपस्थित रहे।

न्यायमूर्ति इंदिरा बनर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को जिम्मेदारी के साथ अपनाने के लिए निष्पक्षता, पारदर्शिता, जवाबदेही और मानवीय गरिमा को प्राथमिकता देना जरूरी है। सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. पवन दुग्गल और यूक्रेन के अंतरराष्ट्रीय कानून एवं साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ प्रो. एंड्री पाजियुक ने मुख्य वक्तव्य दिए। इटली, बांग्लादेश और यूनाइटेड किंगडम के विशेषज्ञों सहित देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों और कानूनी पेशेवरों ने भी अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर सम्मेलन की सारांश पुस्तिका का विमोचन किया गया।

AI के नियमन और मौलिक अधिकारों पर हुई चर्चा
सम्मेलन में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कानून और शासन का भविष्य: क्या विनियमन तकनीकी परिवर्तन की गति के साथ तालमेल बिठा सकता है?’ विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें AI के नियमन की चुनौतियों, जवाबदेही, तकनीकी नवाचार और मौलिक अधिकारों के संरक्षण पर विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न उद्योग विशेषज्ञों और कानूनी पेशेवरों को सम्मानित किया गया। वहीं अधिवक्ता प्रशांत जैन और अधिवक्ता शिवानी बोस को यंग प्रोफेशनल एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया गया।
मानव-केंद्रित AI शासन ढांचा बनाने पर जोर
21 नवंबर को आयोजित समापन समारोह में एनएलयू सोनीपत की पूर्व कुलपति एवं पंजाब राज्य सूचना आयोग की पूर्व आयुक्त प्रो. डॉ. विनय कपूर मेहरा मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथियों में आईआईआईटी नया रायपुर के निदेशक प्रो. डॉ. ओम प्रकाश व्यास, एचएनएलयू के डीन एवं प्रभारी कुलसचिव प्रो. डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव और आईआईआईटी नया रायपुर के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सत्यनारायण वोल्लाला शामिल रहे।
सम्मेलन में भारत में व्यापक, पारदर्शी, जवाबदेह और मानव-केंद्रित AI शासन व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इसके लिए संवैधानिक मूल्यों और मौलिक अधिकारों की रक्षा, स्पष्ट जवाबदेही मानक, मानवीय निगरानी, डेटा गोपनीयता और साइबर सुरक्षा को मजबूत करने की सिफारिश की गई। साथ ही एल्गोरिदमिक ऑडिट और प्रभाव आकलन लागू करने पर भी बल दिया गया।
सम्मेलन का आयोजन विधि संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) अजीमखान बी. पठान के शैक्षणिक नेतृत्व में हुआ। विधि विभाग की प्रभारी विभागाध्यक्ष एवं असिस्टेंट प्रोफेसर एकता चंद्राकर ने संयोजक की जिम्मेदारी निभाई। डॉ. पायल बोहरिया और डॉ. सव्यसांची पांडे सह-संयोजक रहे। आयोजन में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और तकनीकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस वैश्विक सम्मेलन के माध्यम से कलिंगा विश्वविद्यालय ने कानून, नैतिकता, जवाबदेही और मानवीय गरिमा के साथ तकनीकी विकास को आगे बढ़ाने तथा अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


